news-details

मथुरा में ‘साधु’ के वेश में इंजीनियर गिरफ्तार

You can share this post!

PARDARSHI VIKASH NEWS बीएससी नर्सिंग की छात्रा से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप में पुलिस ने खुद को साधु बताने वाले अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है और आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद एक निजी कंपनी में नौकरी कर चुका है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे भगवान का प्रसाद बताकर नशीला दूध पिलाया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं फोटो और वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपये की मांग की गई। पीड़िता ने बताया कि पैसे न देने पर आरोपी उसे और उसके परिवार को जान से मारने तथा फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। शिकायत के अनुसार, छात्रा अपनी बहन के पास मथुरा आई थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी से हुई। घटना के बाद वह मानसिक तनाव में चली गई और बाद में अपने पिता को पूरी जानकारी दी। इसके बाद 25 मई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मामला दर्ज कराया गया।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्रवचनों के माध्यम से लोगों से संपर्क बनाता था। शुरुआती जांच के अनुसार वह विशेष रूप से पढ़ी-लिखी और आर्थिक रूप से संपन्न युवतियों को अपने प्रभाव में लेकर उन्हें मथुरा बुलाता था। पुलिस ने आरोपी को राधाकुंड स्थित उसके मकान से गिरफ्तार किया, जहां से दो युवतियों और एक युवक को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। तलाशी के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से कई युवक-युवतियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी धार्मिक प्रवचन और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के नाम पर लोगों का विश्वास जीतता था और फिर उनका कथित रूप से शोषण करता था। अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है और बरामद डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं इस तरह के अन्य पीड़ित भी तो आरोपी के संपर्क में नहीं रहे हैं। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।