
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों और बेघर नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सक्रिय करें और बीएलओ के साथ समन्वय बनाएं। अभियान के दौरान सत्यापन के बाद चिह्नित पात्र नागरिकों की सूची बीएलए के साथ साझा की जाएगी। नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। निर्वाचन विभाग विशेष शिविर लगाकर रात्रि आश्रयों, श्रमिक बस्तियों और वंचित वर्गों तक भी पहुंचेगा। डीएम ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची जनपद की एनआईसी वेबसाइट पर उपलब्ध है। नए नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरा जा सकता है। आवेदन बीएलओ, ईआरओ कार्यालय, निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से भी किया जा सकता है।