
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि यह अभियान 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चलेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 2 नवंबर 2026 तक मतदान स्थलों का युक्तिकरण किया जाएगा। एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और आपत्ति दर्ज करने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक अवसर मिलेगा। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना और पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करना है।