
1,178 बूथों पर शत-प्रतिशत आयोजन
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भाजपा कानपुर दक्षिण ने प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का दावा किया है। पार्टी के अनुसार, जिले की महाराजपुर, किदवई नगर और छावनी विधानसभा के सभी 1,178 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही सरल ऐप पर फोटो अपलोड करने का कार्य भी 100 प्रतिशत पूरा किया गया। भाजपा के मुताबिक, महाराजपुर विधानसभा ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। यहां सभी 476 बूथों पर कार्यक्रम हुए, जिनमें 61,076 कार्यकर्ताओं की उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं, किदवई नगर विधानसभा के 350 बूथों पर 24,605 और छावनी विधानसभा के 352 बूथों पर 19,398 कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी के अनुसार, तीनों विधानसभाओं में कुल 1,05,079 कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।इस उपलब्धि पर भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने इसे संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और आपसी समन्वय का परिणाम बताया।जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता में योगदान के लिए संयोजक अंकुर गुप्ता, आईटी प्रमुख तेज बहादुर और सोशल मीडिया प्रमुख विक्की मूरजानी को सम्मानित किया गया। इस दौरान पूनम वर्मा, सपना शर्मा, वंजुला तिवारी, उमंग सहित अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।