
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना स्थित एक होटल में काम करने वाले कर्मचारी के साथ मजदूरी मांगने पर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित विमल वर्मा का आरोप है कि कई महीनों से बकाया वेतन नहीं मिलने पर जब उसने अपनी मजदूरी मांगी तो होटल मालिक और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।मारपीट में विमल का हाथ टूट गया और उसे अन्य गंभीर चोटें भी आईं। घायल कर्मचारी किसी तरह बिठूर थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।पीड़ित के अनुसार होटल मालिक विमल गुप्ता, राहुल और भूल्ली ने उसके साथ गाली-गलौज करने के बाद हमला किया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।बिठूर थाना प्रभारी अशोक सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मजदूरी मांगने को लेकर विवाद और मारपीट की बात सामने आई है। प्राप्त शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।