
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। थाना कसया क्षेत्र अंतर्गत स्थित महापरिनिर्वाण स्थली के मुख्य गेट से बाइक चोरी का मामला सामने आया है। पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जंगल जगदीशपुर निवासी एक युवक ने चौकी कुशीनगर में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई और बाइक बरामद कराने की मांग की है।पीड़ित के अनुसार, 27 जून 2026 को वह अपनी UP57 AR 8014 नंबर की मोटरसाइकिल महापरिनिर्वाण स्थली के मुख्य गेट के बाहर खड़ी कर मंदिर दर्शन के लिए गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी बाइक मौके से गायब थी। आसपास काफी तलाश करने और लोगों से पूछताछ के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चल सका।घटना के बाद पीड़ित ने थाना कसया अंतर्गत चौकी कुशीनगर पहुंचकर पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा। उसने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर जल्द से जल्द बाइक बरामद करने तथा अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
