
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की ओर से महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने एवं महिला उत्पीड़न की रोकथाम के उद्देश्य से बुधवार को सदर तहसील पडरौना में महिला जनसुनवाई एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोग की मा० उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने की।जनसुनवाई के दौरान महिला उत्पीड़न से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मा० उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी पडरौना आशुतोष, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० आर०डी० कुशवाहा, नायब तहसीलदार राजेश कुमार, खण्ड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चौहान, आईसीडीएस की श्रीमती मुन्नी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अरविन्द कुमार दूबे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।जनसुनवाई के दौरान राशन कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, पुष्टाहार, पुलिस विभाग, आवास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की गई। कुल 31 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 07, खण्ड विकास विभाग के 10, समाज कल्याण विभाग के 03 सहित अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे। इनमें से 08 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 23 मामलों में संबंधित विभागों को सात दिवस के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।इसके बाद उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने वन स्टॉप सेंटर कुशीनगर तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पडरौना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया।उपाध्यक्ष ने विद्यालय एवं वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सामान्य ज्ञान की पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।