news-details

महिला पार्षद ने सदन में अभद्रता की शिकायत की

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। कानपुर नगर निगम सदन में कार्यवाही के दौरान महिला पार्षद के साथ कथित अभद्रता, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज का मामला पुलिस तक पहुंच गया है। वार्ड-10 की पार्षद लक्ष्मी कोरी ने बुधवार को डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।लक्ष्मी कोरी के अनुसार, 26 सितंबर को सदन की कार्यवाही के दौरान उन्होंने महापौर को एक मामले की जानकारी देने की कोशिश की थी। उनका आरोप है कि इसी दौरान पार्षद आकार्ष बाजपेयी, वंदना शर्मा, गोविंद शुक्ला और गोलू शुक्ला ने उन्हें घेर लिया। उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की कोशिश की गई। लक्ष्मी कोरी ने आकार्ष बाजपेयी और वंदना शर्मा पर गाली-गलौज और अभद्रता करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह दलित वर्ग से आती हैं और निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। इससे पहले पार्षद पवन गुप्ता ने महापौर के बेटे अमित पांडेय और अनुराग पांडेय पर मारपीट और धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। बुधवार को स्वरूप नगर पुलिस इसी मामले की जांच के लिए नगर निगम के स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम पहुंची और सीसीटीवी फुटेज देखे। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

 

महापौर के बेटों पर पवन गुप्ता ने लगाया था पीटने का आरोप
अशोक नगर के वार्ड-37 से पार्षद पवन गुप्ता ने मंगलवार को डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव से महापौर के बेटे अमित पांडेय और अनुराग पांडेय के खिलाफ तहरीर दी थी। पवन गुप्ता ने कानपुर नगर निगम में कार्यकारिणी चुनाव के दौरान अमित पांडेय और अनुराग पांडेय पर मारपीट और धमकाने का आरोप लगाया था।