
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जनपद में बढ़ती महंगाई, लगातार हो रही बिजली कटौती, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। पार्टी की जिला कमेटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक कुशीनगर से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा और कई मामलों में “निर्दोष लोगों पर दर्ज मुकदमे” वापस लेने की मांग की।सपा नेताओं ने कहा कि सरकार जनता को महंगाई और मूलभूत सुविधाओं के संकट से राहत दिलाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। गांवों और कस्बों में अघोषित बिजली कटौती से आम लोग परेशान हैं, जबकि पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों ने किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। प्रतिनिधिमंडल ने अपराधों में वृद्धि पर भी चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में थाना खड्डा क्षेत्र के ग्राम हथिया करदह निवासी स्वर्गीय अजीत यादव हत्याकांड का प्रमुखता से उल्लेख किया गया। सपा नेताओं के अनुसार 9 मई 2026 को अजीत यादव की हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे, लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रही भीड़ पर ही पुलिस ने 40 नामजद और लगभग 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। पार्टी ने इसे “दमनात्मक कार्रवाई” बताते हुए मुकदमा समाप्त करने की मांग की।वहीं थाना रामकोला क्षेत्र के ग्राम सोहरौना में बैनर लगाने को लेकर हुए विवाद में भी पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया गया। सपा नेताओं ने कहा कि घायल पक्ष के कई लोग लखनऊ में इलाजरत हैं, लेकिन उनकी शिकायत तक दर्ज नहीं की गई। साथ ही जटहां बाजार क्षेत्र में जंगली चीता प्रवेश मामले में निर्दोष ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमों को भी वापस लेने की मांग उठाई गई।इस दौरान जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। वहीं राजेश प्रताप राव उर्फ बंटी भैया ने कहा कि यदि प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।