
PARDARSHI VIKASH NEWS महोबा जिले के डहर्रा गांव में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय ट्रक चालक भीष्म सिंह की मौत हो गई। कबरई कोतवाली क्षेत्र के राजीव नगर निवासी भीष्म रोज की तरह सुबह करीब 3 बजे पत्थर ढोने के काम पर निकले थे। डहर्रा गांव स्थित पहाड़ी खदान क्षेत्र में ट्रक ले जाते समय अचानक वाहन की सापट टूट गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खदान में जा गिरा। हादसे में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद मजदूरों और अन्य चालकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और भीष्म को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भीष्म सिंह परिवार के इकलौते बेटे और घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद पत्नी अनीता और तीन छोटे बच्चे—6 वर्षीय नितेश, 3 वर्षीय नित्या और 1 वर्षीय नीरज—बेसहारा हो गए हैं। मृतक के पिता रामचरण ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि परिवार का पालन-पोषण और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।