news-details

महोबा के 20 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

You can share this post!


पारदर्शी विकास ब्यूरो महोबा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के जनपद स्तर पर प्रथम 10-10 स्थान प्राप्त करने वाले कुल 20 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमचंद यादव, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चरखारी के प्रधानाचार्य नवीन कुमार अवस्थी, श्री काशी प्रसाद इंटर कॉलेज खरेला के प्रधानाचार्य गया प्रसाद त्यागी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।