
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गंगा बैराज क्षेत्र में मछली पकड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। हमले में दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों का आरोप है कि दबंगों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला किया तथा ग्रामीणों के पहुंचने पर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुराना कानपुर निवासी शुभम और उसका चचेरा भाई अभिषेक सोमवार सुबह रामपुर गांव के पास गंगा बैराज के गेट नंबर-10 पर मछली पकड़ रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और मछली पकड़ने का विरोध करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची कोहना पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।