
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर जनपद में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके तहत प्रमुख मंदिरों, मेला स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कराने के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया।जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है। पूर्व निर्धारित गांवों में साफ-सफाई के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया, ताकि मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण रखा जा सके।उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। संबंधित कर्मचारियों को साफ-सफाई और रोगों की रोकथाम से जुड़ी गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में स्वच्छता अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।