
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में रामलीला मैदानों के विकास, विस्तार, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए बड़ी योजना तैयार की है। संस्कृति विभाग के तहत छह जनपदों में इन परियोजनाओं को शामिल किया गया है, जिससे रामलीला स्थलों को आधुनिक सुविधाओं और सांस्कृतिक स्वरूप के साथ विकसित किया जाएगा।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि शाहजहांपुर के टाउन एरिया कोट, गोरखपुर के बड़हलगंज, फिरोजाबाद के खैरगढ़, फर्रुखाबाद के कमालगंज, और लखीमपुर खीरी के कुकुरा ग्राम में स्थित रामलीला मैदानों का विकास किया जाएगा। इन स्थलों पर बाउंड्रीवाल निर्माण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि कई रामलीला मैदानों की स्थिति को देखते हुए इन्हें विशेष योजना में शामिल किया गया है, ताकि सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके। साथ ही मैदानों की दीवारों पर रामायण प्रसंगों से जुड़े चित्र भी बनाए जाएंगे, जिससे सांस्कृतिक महत्व और बढ़ेगा।मंत्री ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा है, जो समाज को नैतिक मूल्यों से जोड़ती है। सरकार का उद्देश्य इन स्थलों को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बनाना है।