
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। विजयनगर क्षेत्र में मेट्रो कॉरिडोर-2 के निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को डबल पुलिया से सब्जी मंडी के बीच निर्माण स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों ने मेट्रो अधिकारियों और पुलिस के सामने अपनी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि ड्रिलिंग और निर्माण कार्य के दौरान होने वाले तेज कंपन से आसपास के कई मकानों की दीवारों और छतों में दरारें आ गई हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की कि जब तक मेट्रो प्रशासन मकानों को हुए नुकसान की भरपाई का लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक क्षेत्र में निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। सूचना मिलने पर काकादेव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।क्षेत्रवासियों के अनुसार, सीएसए से बर्रा-8 तक बनाए जा रहे मेट्रो कॉरिडोर-2 के तहत विजयनगर के करीब 40 से 45 मकानों में दरारें दिखाई दी हैं। प्रभावित परिवारों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले मेट्रो अधिकारियों ने मकानों का सर्वे और फोटोग्राफी कराई थी, ताकि नुकसान होने पर मुआवजा दिया जा सके, लेकिन अब जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जा रहा है।मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि ड्रिलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप की जा रही है और मशीन की कंपन क्षमता सुरक्षित सीमा के भीतर है। हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि लगातार हो रहे कंपन के कारण उनके मकानों को नुकसान पहुंचा है और परिवार भय के माहौल में रह रहा है।प्रभावित लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, नुकसान का आकलन और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस और मेट्रो अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।