मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा की जानकारी
पारदर्शी विकास न्यूज़ कसया। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत मंगलवार को हाटा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय धुसी टोला, चिरगोडा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों को जूता-मोजा और शिक्षण सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कसया थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय ने छात्राओं को महिला सुरक्षा के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में बताते हुए कहा कि उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में बिना डरे सहायता लेनी चाहिए।उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच का अंतर समझाया और इंटरनेट तथा सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी से करने की सलाह दी।समाजसेवी मनोज प्रजापति और राहुल तिवारी के सहयोग से बच्चों को जूता-मोजा, पेंसिल सहित अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की गई। शिक्षकों राजीव नयन द्विवेदी, देवानंद दुबे और बिपिन सिंह ने शिक्षा तथा बालिका सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश राव ने की और संचालन धीरज राव ने किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोहर प्रसाद ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान ग्राम प्रधान राधेश्याम प्रसाद सहित शिक्षक, समाजसेवी और ग्रामीण मौजूद रहे।