
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। मुंशीगंज चौराहे पर बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार गुमटियां हटवा दीं। नायब तहसीलदार सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व टीम ने बुलडोजर से सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया। राजस्व विभाग के अनुसार, करीब 0.026 हेक्टेयर जमीन पर अवैध कब्जा था। पैमाइश के बाद सड़क किनारे रखी गुमटियों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान लेखपाल गोविंद नारायण त्रिपाठी सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। प्रशासन के मुताबिक, कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पर सामुदायिक शौचालय बनाया जाएगा। नायब तहसीलदार ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही।