
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। गंगाघाट थाना क्षेत्र के दादरी गजियाखेड़ा गांव में 30 अगस्त को हुई मारपीट के मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमे में एक और आरोपी का नाम शामिल करने की मांग की है। साथ ही मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे की धाराओं में आवश्यक संशोधन किए जाने की मांग की गई है।पीड़िता शीतल के अनुसार, 30 अगस्त की दोपहर करीब एक बजे उसके भाई मनोज के साथ पड़ोस के लोगों ने लाठी-डंडों और फावड़े से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता हरिबाबू और भाई मोहित भी मारपीट की चपेट में आकर घायल हो गए। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, घटना में तीनों को गंभीर चोटें आईं और वे बेहोश भी हो गए।परिजनों का कहना है कि मनोज और हरिबाबू के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। रक्तस्राव नहीं रुकने पर दोनों को गंगाघाट स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।पीड़िता ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज कराते समय मारपीट में शामिल एक व्यक्ति का नाम दर्ज होने से रह गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर छूटे आरोपी का नाम मुकदमे में शामिल करने और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में आवश्यक तरमीम करने की मांग की है।