
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की ओर से 5 से 10 अक्टूबर तक आयोजित मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह का शनिवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर समापन हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, सामाजिक पूर्वाग्रहों को दूर करने और भावनात्मक सहयोग का महत्व समझाने पर जोर दिया गया। मनोविज्ञान विभाग की प्रो. सीमा त्रिपाठी ने सप्ताहभर आयोजित गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। डॉ. रीना मालवीय ने पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की भागीदारी और जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. वीरेंद्र कुमार साहू ने कहा कि संवेदनशील बातचीत और सहयोगपूर्ण व्यवहार मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।डॉ. विशेषता मिश्रा ने शैक्षणिक भ्रमण को विद्यार्थियों के ज्ञान और अनुभव को समृद्ध करने वाला बताया। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. धनंजय कुमार ने मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए सरकारी नीतियों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव और प्राचार्य प्रो. विनोद मोहन मिश्र ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रीना मालवीय ने अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक हैं।