news-details

मानसिक प्रताड़ना से तंग युवती ने दी जान, मामा समेत चार पर केस दर्ज

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Mahoba

जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में ननिहाल में रह रही 20 वर्षीय युवती ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने सगे मामा समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार हमीरपुर जनपद के कैंथा गांव निवासी अनुसुइया की बेटी संजना पिछले काफी समय से महोबा के लिधौराखुर्द गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी। आरोप है कि रिश्ते का मामा सत्यम, निवासी बंगरा, युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर वह बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देता था।

परिजनों के मुताबिक एक बार आरोपी सत्यम जहर लेकर युवती के पास पहुंचा और कहा कि या तो वह जहर खा ले या फिर वह खुद खा लेगा। जब संजना ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत करने पर सत्यम के पिता जयपाल और भाई कृष्णा ने भी युवती की मदद करने के बजाय उसी पर शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस पूरे मामले में संजना का सगा मामा महिपाल भी शामिल था।

मृतका की मां ने बताया कि 16 मार्च को संजना ने फोन कर पूरी आपबीती बताई थी और खुद को बेहद परेशान बताया था। अगले ही दिन उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी।

थाना प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।