
Pardarshi Vikas News Kanpur
कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रेउना इलाके में चल रहे इस अवैध नेटवर्क को ‘मिनी जामताड़ा’ कहा जा रहा था, जहां से देशभर में लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा था।
मंगलवार शाम एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में करीब 70 पुलिसकर्मियों की टीम 17 गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। ड्रोन से निगरानी करते हुए पूरे क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया गया। पुलिस की दबिश पड़ते ही झोपड़ियों में छिपे ठग भागने लगे, लेकिन घेराबंदी के चलते 20 आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी खेतों में बनी अस्थायी झोपड़ियों से कॉल सेंटर की तरह काम करते थे। ये लोग खुद को पुलिस अधिकारी, बैंक कर्मचारी या सरकारी योजना का प्रतिनिधि बताकर लोगों को झांसे में लेते थे।
पुलिस ने मौके से लैपटॉप, मोबाइल फोन, सैकड़ों एक्टिव सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में पता चला कि एक आरोपी रोज 50-60 कॉल करता था, जिससे रोजाना लाखों रुपये की ठगी की जाती थी।
छापेमारी के दौरान करीब 15 आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।