
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। स्वतंत्रता दिवस से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने मुरादगंज मेन बाजार स्थित तीन मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।खाद्य सुरक्षा अधिकारियों विजय कुमार श्रीवास और अनिल कुमार संखवार ने कार्रवाई के दौरान रंगीन बूंदी के लड्डू, रेडीमेड बूंदी और मोतीचूर के लड्डू के कुल पांच नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। टीम ने 300 किलोग्राम रेडीमेड बूंदी सीज की, जिसकी अनुमानित कीमत 25,500 रुपये बताई गई। इसके अलावा दूषित पाए गए 50 किलो रंगीन बूंदी के लड्डू, 20 किलो बर्फी और 20 किलो मिल्क केक समेत कुल 90 किलो मिठाइयां मौके पर नष्ट कराई गईं।विभाग ने व्यापारियों को अखबारी कागज में मिठाई न बेचने और निर्धारित मानकों का पालन करने की चेतावनी दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।