
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। पर्यावरण संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नई दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान द्वारा संचालित "पौधरोपण संग जन्मोत्सव अभियान" के अंतर्गत मयंक मणि एवं अभिलाषा मिश्रा की सुपुत्री लाडली मौली का प्रथम जन्मोत्सव कसया नगर स्थित उसके ननिहाल में पौधरोपण कर हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।इस अवसर पर परिवार के सदस्यों ने मौली से पौधरोपण कराकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उसके स्वस्थ, सुखद, उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। जन्मोत्सव के अवसर पर लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।मयंक मणि एवं अभिलाषा मिश्रा ने कहा कि अपनी पुत्री के पहले जन्मदिन को पौधरोपण के माध्यम से मनाना उनके लिए अत्यंत सुखद और संतोषजनक अनुभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ें तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएं।संस्था के सचिव डॉ. हरिओम मिश्र ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को पौधरोपण से जोड़ने से समाज में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है और नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक छोटा पौधा भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर मानव जीवन, समाज और पर्यावरण के लिए अमूल्य योगदान देता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसरों पर पौधरोपण अवश्य करना चाहिए। कार्यक्रम में अवधेश मिश्र, किरण बाला मिश्रा, ऋषिकेश मिश्र, विभा मिश्रा, श्वेता उपाध्याय, शालू पांडेय तथा संस्था के उपाध्यक्ष इंद्र कुमार मिश्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे