
पारदर्शी विकास न्यूज़, प्रयागराज। मेजा में हुए तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार ने बुधवार को कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर न्याय की मांग की। मंत्री नंदी ने मुख्यमंत्री को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई। पीड़ित परिवार ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की भी मांग की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवार को न्याय दिलाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उल्लेखनीय है कि 15 जून की रात मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में श्याम लाल गुप्ता, इंद्रावती देवी और अमरावती देवी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी हिमांशु यादव समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी ने वारदात से पहले सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट भी की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।