
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में मुहर्रम के जुलूस के दौरान शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के सेवई मंडी इलाके में बारिश के दौरान बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय मोहम्मद हमजा की मौत हो गई। हादसे के बाद जुलूस में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।बहादुरगंज निवासी मोहम्मद हमजा मुहर्रम की नौवीं पर निकले मासूम अली असगर के झूले के जुलूस में शामिल था। तड़के जुलूस सेवई मंडी पहुंचा ही था कि तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान रास्ते में लगे एक बिजली के पोल में करंट उतर आया और हमजा उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत कॉल्विन अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।कोतवाली थाना प्रभारी नितेंद्र शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।