
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर हुए आरडीएक्स बम हमले के आरोपी और माफिया दिलीप मिश्रा की बेनामी संपत्तियों पर पुलिस ने शिकंजा और तेज कर दिया है। पुलिस जांच में मेजा क्षेत्र के सिंलौधी गांव में उसकी 1.10 करोड़ रुपये की दो बेनामी संपत्तियों का खुलासा हुआ है, जिन्हें गैंगस्टर एक्ट के तहत जल्द कुर्क किया जाएगा। जांच में सामने आया कि ये भूखंड एक रिश्तेदार महिला की बहू के नाम पर खरीदे गए थे, लेकिन खरीद के समय उसकी आय का कोई वैध स्रोत नहीं मिला। पुलिस ने इसे अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए कार्रवाई शुरू की है। इससे पहले भी पुलिस ने उसकी 43 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। दिलीप मिश्रा पर हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट समेत 54 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस लगातार उसके आर्थिक नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में कार्रवाई कर रही है।