news-details

मंडी लाइसेंस नवीनीकरण की नई शर्तों के विरोध में उतरे व्यापारी

You can share this post!



पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। कृषि उत्पादन मंडी समिति द्वारा मंडी लाइसेंस नवीनीकरण के लिए लागू की गई नई शर्तों के विरोध में सोमवार को फल एवं सब्जी व्यापारियों ने आवाज बुलंद की। फल एवं सब्जी व्यापारी कल्याण समिति के बैनर तले व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम एवं मंडी समिति सभापति को ज्ञापन सौंपकर नई व्यवस्था को व्यापारियों के हितों के खिलाफ बताते हुए इसमें तत्काल संशोधन की मांग की। समिति अध्यक्ष मोहम्मद जमा राईन एवं महामंत्री रघुवीर कुशवाहा ने ज्ञापन में बताया कि मंडी समिति द्वारा हाल ही में लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया में कई नई शर्तें जोड़ दी गई हैं। इन नियमों के कारण विशेष रूप से छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों के अनुसार लाइसेंस नवीनीकरण के लिए अब दो नए गारंटरों के शपथ पत्र, आधार कार्ड सहित विभिन्न दस्तावेजों को अनिवार्य कर दिया गया है। उनका कहना है कि इन अतिरिक्त औपचारिकताओं से छोटे दुकानदारों पर अनावश्यक आर्थिक और प्रशासनिक बोझ बढ़ गया है। कई व्यापारियों को गारंटर ढूंढऩे और दस्तावेज तैयार कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे नवीनीकरण प्रक्रिया जटिल हो गई है। ज्ञापन में मांग की गई कि यदि मंडी परिषद के निर्देशों के अंतर्गत लाइसेंस नवीनीकरण किया जाना है तो पहले से दर्ज गारंटरों को ही मान्य माना जाए तथा नए गारंटरों की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए। व्यापारियों का कहना है कि इससे न केवल प्रक्रिया सरल होगी बल्कि समय और धन की भी बचत होगी। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि फल एवं सब्जी व्यापार मुख्य रूप से छोटे कारोबारियों पर आधारित है और अत्यधिक कागजी प्रक्रिया उनके लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है।