
PARDARSHI VIKASH NEWS ललितपुर जिले के जखौरा कस्बे में देर रात एक घर में लगभग पांच फीट लंबा मगरमच्छ घुस आया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए मगरमच्छ को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया।यह घटना तालबेहट बाईपास मार्ग स्थित सोन सिंह राजपूत के घर में रात करीब 12 बजे हुई। घर के मुख्य द्वार पर मगरमच्छ दिखाई देने पर सोन सिंह ने तुरंत परिजनों और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मगरमच्छ को रस्सियों से बांधा और उसके मुंह पर बोरा डालकर ढक दिया, ताकि वह किसी को नुकसान न पहुंचा सके। फिर उसे घर के बाहर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से सुरक्षित बांध दिया गया।सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को कब्जे में लेकर सुरक्षित तरीके से बेतवा नदी में छोड़ दिया।वन विभाग के अनुसार, मगरमच्छ की लंबाई करीब पांच फीट थी। आशंका जताई गई है कि यह पास की नहर से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंच गया होगा।