
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने जनपद के किसान भाइयों को सूचित किया है कि वर्तमान में लाल आलू का मंडी भाव 1100 से 1300 रुपये प्रति क्विंटल है। वहीं, प्रदेश सरकार द्वारा शीतगृह में आलू के भंडारण प्रभार पर 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान दिया जा रहा है। इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को 31 अक्टूबर 2026 तक पंजीकरण कराना होगा। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जिन किसानों ने अपना आलू शीतगृह में भंडारित किया है, वे किसी भी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से विभागीय पोर्टल potato.uphorticulture.in पर आवश्यक अभिलेख अपलोड कर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी, भंडारण रसीद, निकासी रसीद, भुगतान रसीद तथा गेटपास की आवश्यकता होगी। पात्र किसान पंजीकरण कराकर 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से शीतगृह भंडारण प्रभार में अनुदान का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में लाल आलू का बाजार भाव 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल प्रकाशित किया गया है, जो विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पूर्णतः गलत एवं भ्रामक है। जिला उद्यान अधिकारी ने उक्त प्रकाशित बाजार भाव का खंडन करते हुए किसानों से अपील की है कि वे सही बाजार भाव की जानकारी प्राप्त करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कराकर शासन की अनुदान योजना का लाभ उठाएं।