
वरासत और आई जी आर एस के हजारों मामले लटके
अमेठी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से प्रदेश की सभी तहसीलों में काम काज प्रभावित है। लेखपाल और राजस्व निरीक्षक आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों के आवेदनों पर रिपोर्ट नहीं लगा रहे हैं।आई जी आर एस पोर्टल पर आई शिकायतों का निस्तारण भी नहीं हो रहा है।उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर लेखपाल 22सितम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।आय जाति और निवास प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। सभी तहसीलों में एस डी एम और तहसीलदार मौन साधे हुए हैं।बांदा जिले में दस हजार के आसपास संख्या में प्रमाण पत्र लम्बित हैं। प्रयागराज में नौ हजार से अधिक आय,जाति और निवास प्रमाण पत्र नहीं जारी हो पाए हैं। उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी कमोवेश यही स्थिति है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में लम्बित आवेदनों की संख्या तीन लाख से अधिक है। आवेदक परेशान,एस डी एम,तहसीलदार ने हाथ खड़े किए,13000से अधिक आवेदन लम्बित अमेठी। लेखपालों के अतिरिक्त हल्का क्षेत्र बहिष्कार से जिले के 525राजस्व ग्रामों में आय ,जाति,निवास प्रमाण पत्रों के साथ जन शिकायतों के निस्तारण और वरासत के मामलों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। विभिन्न परीक्षाओं के आवेदन, छात्रवृत्ति, पेंशन,वरासत,जमीन सम्बन्धी मामलों से संबंधित आई जी आर एस के मामले निस्तारित नहीं हो पा रहे हैं। अमेठी, गौरीगंज, तिलोई और मुसाफिरखाना में कुछ लेखपालों को अलग अलग पटलों पर सम्बद्ध किए जाने से उनके मूल क्षेत्रों का काम प्रभावित है।छात्रा कुसुम ने बताया कि उसे सुपर टीईटी परीक्षा के लिए आवेदन करना है। जाति प्रमाण पत्र,आय प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहा है, उसके भाई धर्मेंद्र तहसीलदार से बात की , उन्होंने कोई हल नहीं बताया। शिक्षामित्र लालती देवी ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र जारी न होने के कारण सुपर टेट का आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री से की आनलाइन शिकायत
गंगौली की महिला और शिक्षामित्र सोना देवी ने बताया कि मंगलवार को उसने तहसीलदार और एस डी एम से मिलकर प्रार्थना पत्र दिया। जाति प्रमाण पत्र जारी हो जाएगा या नहीं दोनों अधिकारी ठोस उत्तर नहीं दे पाए। तहसीलदार ने कहा कि मेरे बस की बात नहीं है।एस डी एम ने कहा कि प्रयास किया जा रहा है, जल्दी कोई व्यवस्था बन जाए।सोना देवी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर आनलाइन शिकायत की है।
अभी और तेज होगा आंदोलन
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि जब तक सरकार हमारे मांगपत्र पर विचार नहीं करती आंदोलन जारी रहेगा।आठ अक्टूबर को पूर्ण रूप से सभी कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। 10अक्टूबर को काली पट्टी बांध कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।12अक्टूबर को रक्तदान शिविर,14अक्टूबर को बाइक रैली प्रस्तावित है।17से23अक्टूबर तक सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार और 24अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रस्तावित है।
पूरे प्रदेश की समस्या है। उच्चाधिकारियों से वार्ता की जा रही है। जल्दी समस्या को कोई हल निकले,इस दिशा में गंभीरता से प्रयास किया जा रहा है।
ज्योति सिंह ,अपर जिलाधिकारी ,अमेठी