
पारदर्शी विकास न्यूज गोंडा। सहकार भारती देवीपाटन मंडल द्वारा जनपद गोंडा के करनैलगंज में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती के अवसर पर जिला बहराइच एवं गोंडा की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, सहकारिता आधारित कार्यों तथा लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन एवं उनके आदर्शों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री अरविंद दुबे रहे। वहीं प्रदेश संपर्क प्रमुख अशोक शुक्ला एवं विभाग संयोजक अशोक वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, लक्ष्मण राव इनामदार तथा लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।अपने संबोधन में अरविंद दुबे ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन, उनके सामाजिक योगदान एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर का जीवन सेवा, सुशासन और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने सहकारिता की अवधारणा को समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।प्रदेश संपर्क प्रमुख अशोक शुक्ला ने संगठन को मजबूत बनाने तथा सहकारिता आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया।बैठक में त्रिलोकी सिंह चौहान, शैलेन्द्र मिश्रा, विक्रम बहादुर सिंह, बजरंगी पाण्डेय, मधुर पाठक, नीरज मिश्र, शिवकुमारी, अनीता गोस्वामी, राहुल सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में सहकारी बंधु एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सहकारिता के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

