
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। दिल्ली में खराब मौसम के कारण शुक्रवार देर रात पुणे से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। बाद में क्रू सदस्यों की ड्यूटी अवधि पूरी होने के चलते उड़ान रद्द कर दी गई, जिससे यात्रियों में नाराजगी फैल गई और एयरपोर्ट पर हंगामे की स्थिति बन गई।एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-1231 रात करीब 9:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी थी। विमान में कुल 166 यात्री सवार थे। यात्रियों को उम्मीद थी कि मौसम सामान्य होने के बाद उड़ान दिल्ली के लिए रवाना होगी, लेकिन क्रू की निर्धारित ड्यूटी अवधि समाप्त होने के कारण एयरलाइन ने उड़ान रद्द करने का फैसला लिया।फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलते ही कई यात्रियों ने विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को समझाया और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराई।एयरलाइन ने 154 यात्रियों को रात 1:14 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-2073 से दिल्ली भेजा। वहीं, शेष 12 यात्रियों को शनिवार सुबह 7:55 बजे रवाना होने वाली फ्लाइट आईएक्स-1767 में सीट उपलब्ध कराकर दिल्ली भेजा गया। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को आवश्यक सहायता और सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।