
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्यप्रणाली के विरोध में मंगलवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए विभागीय अधिकारियों पर सैंपलिंग के नाम पर उत्पीड़न, अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।व्यापार मंडल के नेता अखिलेश अवस्थी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में व्यापारियों ने कहा कि लंबे समय से खाद्य विभाग के कुछ अधिकारी जांच और सैंपलिंग की आड़ में व्यापारियों पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय कार्रवाई के दौरान निजी व्यक्तियों को साथ ले जाकर व्यापारियों का शोषण किया जाता है और अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।अखिलेश अवस्थी ने कहा कि पहले से ही बढ़ती लागत और आर्थिक चुनौतियों के कारण व्यापार प्रभावित है। ऐसे समय में विभागीय अधिकारियों की कथित कार्यशैली व्यापारियों की समस्याओं को और बढ़ा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापार मंडल खाद्य सुरक्षा मानकों और सैंपलिंग प्रक्रिया का विरोध नहीं करता, लेकिन भ्रष्टाचार और उत्पीड़न को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।व्यापारियों ने मांग की कि संबंधित अधिकारियों की आय से अधिक संपत्ति की जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो जिले के खाद्य व्यवसायी अपनी दुकानें बंद कर व्यापक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन शुरू करने को मजबूर होंगे।प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। व्यापार मंडल के अनुसार सिटी मजिस्ट्रेट ने शिकायतों और मांगों को जिलाधिकारी तक पहुंचाने तथा उचित कार्रवाई के लिए विचार करने का आश्वासन दिया है। व्यापारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग दोहराई है।