
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र में खेल-खेल में 10 वर्षीय भतीजे से चली गोली उसके चाचा को लग गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना घायल युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। करीब 17 दिनों तक इलाज चलता रहा, लेकिन अस्पताल प्रबंधन को मामला संदिग्ध लगने और बिल जमा न होने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पूरा मामला सामने आया।पुलिस के अनुसार, बलरामपुर गांव निवासी सत्यम चौधरी ने पूछताछ में बताया कि कुछ दिन पहले वह अपने 10 वर्षीय भतीजे के साथ जामुन तोड़ने गया था। इसी दौरान उन्हें एक अवैध तमंचा मिला, जिसे वे घर ले आए। 23 जून की शाम भतीजा तमंचे से खेल रहा था। मजाक-मजाक में उसने चाचा की ओर तमंचा तान दिया और अचानक फायर हो गया। गोली सत्यम के सीने में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद परिजन घायल को तत्काल कल्याणपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज शुरू हुआ। परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी। शुक्रवार को अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कल्याणपुर पुलिस और घाटमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक और उसके परिजनों से पूछताछ की।पुलिस ने बाद में गांव पहुंचकर 10 वर्षीय बालक से भी जानकारी ली। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गोली खेलते समय गलती से चली थी। पुलिस अब उस अवैध तमंचे की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। इसके लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अवैध तमंचे की बरामदगी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।-घाटमपुर एसीपी