
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भीषण गर्मी के बीच किदवई नगर क्षेत्र के निराला नगर, सफेद कॉलोनी, लाल कॉलोनी और साकेत नगर में पिछले सात दिनों से जलापूर्ति बाधित होने पर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को न्याय संघर्ष समिति के बैनर तले क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रदर्शन कर जलकल विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।समिति के संयोजक अभिमन्यु गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग हाथों में खाली बाल्टियां और पानी की बोतलें लेकर निराला नगर में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है, जिससे हजारों लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।क्षेत्रवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी की किल्लत के कारण घरेलू कार्यों के साथ-साथ पीने के पानी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। लोगों को निजी टैंकरों और वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।विभागीय अधिकारियों के अनुसार बैराज से आने वाली मुख्य पाइपलाइन में कटाव होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई है। पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य जारी है और जल्द ही आपूर्ति बहाल करने का दावा किया गया है।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस दौरान साकिफ कुरैशी, मेघा, शांति देवी, गंगा देवी, राजा, महिमा देवी, रूबी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।