
ड्रामेबाजी विधायक, बिना पानी के स्वीमिंग करते हैं: सुरेश अवस्थी
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। परमट प्राथमिक विद्यालय के पुनर्निर्माण को लेकर सियासी विवाद लगातार गहराता जा रहा है। शुक्रवार को आर्यनगर से सपा विधायक Amitabh Bajpai ने मीडिया के सामने अपना कुर्ता उतारकर फेंक दिया और कहा कि जब तक स्कूल का निर्माण शुरू नहीं होगा, वह ऊपर का वस्त्र और चप्पल-जूते नहीं पहनेंगे। विधायक ने डमरू बजाते हुए कहा कि बच्चों का सपना अधूरा है और इसे पूरा करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा, “कसम संविधान की खाते हैं, स्कूल वहीं बनाएंगे।”इस पूरे मामले पर भाजपा नेता और सांसद प्रतिनिधि Suresh Awasthi ने प्रतिक्रिया देते हुए विधायक पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक ड्रामेबाजी है और जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार स्कूल निर्माण का विरोध नहीं है, लेकिन इसे राजनीति का केंद्र नहीं बनाया जाना चाहिए।परमट क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में तीन कमरों के निर्माण को लेकर विवाद चल रहा है। सपा विधायक का कहना है कि उनके पास एनओसी और वर्क ऑर्डर है, जबकि भाजपा पक्ष का दावा है कि सांसद निधि से स्मार्ट क्लास और अन्य विकास कार्यों के लिए अनुमति है। इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं।गुरुवार को विधायक द्वारा शिलान्यास का वीडियो जारी किए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें एहतियातन हाउस अरेस्ट कर लिया था। शुक्रवार सुबह भारी पुलिस बल उनके आवास के बाहर तैनात रहा। विधायक ने आरोप लगाया कि उन्हें स्कूल जाने से रोका गया, जिसके बाद उन्होंने घर में ही पूजा और शिलाओं का पूजन किया।सुबह के समय बड़ी संख्या में सपा समर्थक विधायक के आवास पर पहुंचे और नारेबाजी की। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। बाद में विधायक ने एडीएम सिटी को ज्ञापन भी सौंपा और कहा कि जब तक स्कूल निर्माण शुरू नहीं होता, उनका संकल्प जारी रहेगा।इसी दौरान विधायक ने घर पर हवन-पूजन कर वर्चुअल शिलान्यास किया और पांच शिलाओं की पूजा की। उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद इन्हीं शिलाओं को विद्यालय परिसर में स्थापित किया जाएगा।विवाद के बीच क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कही। मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
मेरा सांसद जी से कोई विवाद नहीं है। सांसद शिलान्यास करना चाहें तो कर लें। एक काम ही नहीं देशहित में सैकड़ों काम का शिलान्यास कर लें। मेरी उनके प्रति सद्भावना है। मत और विचारधारा अलग है लेकिन कानपुर के लिए हम सब एक हैं।उन्होंने श्रीप्रकाश जायसवाल, सत्यदेव पचौरी के कार्यकाल की परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली में हैं। जो हमारे क्षेत्र में विकास कार्य कर सकता है उन सारे जनप्रतिनिधियों का हम स्वागत करते हैं। जो दुष्ट दानव और असुर राक्षस हवन पूजन में बाधा पहुंचाना चाहते हैं उनके लिए हमारा बाबा भोले नाथ हैं।-विधायक अमिताभ बाजपेयी
मेरा तो साफ कहना है कि सपा विधायक स्कूल की शिलाओं का पूजन कैसे भी करें। लेकिन इसे राजनीति का केंद्र न बनाएं। जैसा कि आपकी पॉलिसी है। इसे समाजवादी पार्टी का बोर्ड लगाकर। सपा के गुंडों के लिए अड्डा बनाने के लिए इसका मेरा विरोध है। टेंडर की बिल्डिंग को तोड़ने के लिए जिस तरह का भ्रष्टाचार आपने लिया है उसका मैं विरोध कर रहा हूं। आप पूरी विधायक निधि इसमें लगा दीजिए। वो तो हमारे लिए ही अच्छा है। मैंने कभी नहीं कहा कि आप शिलान्यास मत कीजिए। स्कूल के अंदर केवल 42 बच्चे पढ़ते हैं। उनके लिए यूपी सरकार ने पर्याप्त सुविधा दे रखी है। लेकिन 42 बच्चों के लिए सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए बड़बोले विधायक बोल रहे हैं। स्कूल बनने से किसने रोका है। हम लोगों को जब सरकार की ओर से अनुमति मिलेगी तब हम पूजा-पाठ करने जाएंगे।- सुरेश अवस्थी