
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कसया, कुशीनगर।
शिक्षकों और उनके परिवारों के सुख-दुख में साथ खड़े होने की पहल के तहत टीचर्स सेल्फ केयर टीम कुशीनगर ने कन्यादान योजना के अंतर्गत सात शिक्षक परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की। शुक्रवार को विकास खंड कसया स्थित बीआरसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रत्येक लाभार्थी को 51-51 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। कुल 3 लाख 57 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पाकर लाभार्थियों को पारिवारिक जरूरतों के लिए संबल मिला।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार यादव ने लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक सौंपे। उन्होंने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टीचर्स सेल्फ केयर टीम शिक्षकों के सुख-दुख में साथ खड़े होकर सामाजिक एकजुटता और पारिवारिक सहयोग की मिसाल पेश कर रही है। जरूरत के समय इस तरह की सहायता न केवल आर्थिक संबल देती है, बल्कि आपसी विश्वास और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करती है।कन्यादान योजना के तहत प्रतिभा सिंह, हरेंद्र शर्मा, उषा देवी, गया बोध सैनी, अछैबर प्रसाद, अंबरीष चंद्र राव और सलाहुद्दीन अंसारी को 51-51 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। टीम की इस पहल को शिक्षकों के बीच परस्पर सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के प्रयास के रूप में देखा गया।
कार्यक्रम का संचालन अमिताभ त्रिपाठी ने किया। इस दौरान जिला संयोजक अखिलेश कुमार यादव, जिला कोषाध्यक्ष दीपेश कुमार सिंह, ब्लॉक प्रवक्ता संजय यादव, ब्लॉक सह-संयोजक शैलेश कुमार, रविंद्र टैगोर, हरीन्द्र चौरसिया, दिलीप सिंह, योगेंद्र गौतम, नीरज श्रीवास्तव, सुरेश रावत, वाहिद अली, धर्मेंद्र सिंह, कृष्णमोहन, अनामिका शाही और रश्मि जायसवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने टीचर्स सेल्फ केयर टीम उत्तर प्रदेश की कन्यादान योजना की सराहना की। साथ ही भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और मानवीय कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। टीम की यह पहल शिक्षक समुदाय में सहयोग, संवेदनशीलता और एकजुटता की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।