
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता दोनों को खोने वाली ग्राम जानकीगंज, थाना बिहार निवासी अंजली को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। गुरुवार को जिलाधिकारी ने अंजली को योजना के तहत चेक सौंपा। जिला प्रोबेशन अधिकारी अभिषेक कुमार पाण्डेय ने बताया कि 11 मार्च 2020 से 11 दिसंबर 2021 के बीच कोविड संक्रमण के कारण माता-पिता अथवा वैध संरक्षक को खोने वाले बच्चों के लिए इस योजना के तहत सहायता की व्यवस्था की गई थी। अंजली को अप्रैल 2022 में योजना से लाभान्वित किया गया था और उसके खाते में 10 लाख रुपये की सहायता राशि भेजी गई थी। इसके अलावा उसे प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास, आयुष्मान कार्ड से पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज तथा आपदा विभाग से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई। शिक्षा के लिए भारत सरकार ने 20 हजार रुपये की मदद दी। वहीं जुलाई 2021 से जून 2024 तक बाल सेवा योजना के तहत शिक्षा और भरण-पोषण के लिए 2,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता प्रदान की गई। अंजली ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि योजना से मिली मदद ने उसे शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा दी है। उन्होंने कहा कि यह सहायता उसके भविष्य की मजबूत नींव बनेगी और वह आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करेगी।