news-details

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर अमेठी में होंगे विशेष कार्यक्रम

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए जनपद प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला गुरुवार को अमेठी पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक आयोजित करने के निर्देश दिए। गौरीगंज स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिला कोर कमेटी की बैठक तथा विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि ब्लॉक स्तर पर आयोजित मेलों में सभी विभाग अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दें और पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण सुनिश्चित करें।बैठक में बताया गया कि 5 जून से 21 जून तक जनपद में जनजागरूकता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम, स्वास्थ्य मेले, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।समीक्षा बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने विकास भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।बैठक में विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी ज्योति सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। अमेठी में 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी योजनाओं से जुड़ें और उन्हें उनका अधिकार मिले। जनभागीदारी के साथ यह अभियान विकास और सेवा के संकल्प को और मजबूत करेगा।”-प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला