
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।
प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को कुशीनगर में निर्माणाधीन कृषि विश्वविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता और परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सूर्य प्रताप शाही ने स्पष्ट कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं, ताकि विश्वविद्यालय में जल्द से जल्द पठन-पाठन और अनुसंधान गतिविधियां शुरू हो सकें।कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना से पूर्वांचल के युवाओं को उच्चस्तरीय कृषि शिक्षा के अवसर मिलेंगे। साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, अनुसंधान और नई कृषि पद्धतियों का लाभ मिलने की उम्मीद है।मंत्री ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की अब तक की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शेष निर्माण कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, कृषि विभाग के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।