
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया सलेमपुर। नगर के मनोकामनापूर्ण हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित श्री शिव प्राण प्रतिष्ठा एवं श्री विष्णु महायज्ञ के अंतर्गत चल रही आरटी श्रीमद्भागवत कथा में कृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।कथा व्यास राघवेंद्र जी महाराज ने अपने मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार वसुदेव जी नवजात श्रीकृष्ण को कारागार से सुरक्षित गोकुल लेकर पहुंचे और नंद बाबा के घर उन्हें यशोदा मैया के पास सुपुर्द किया। इस प्रसंग के साथ ही नंदोत्सव की बधाइयों से पूरा पंडाल गूंज उठा।जैसे ही महाराज जी ने "नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" भजन का गायन शुरू किया, पूरा कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूम उठे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में श्रद्धालुओं ने मिष्ठान, फल, टॉफी, खिलौने, गुब्बारे आदि की वर्षा कर अपनी आस्था व्यक्त की। बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।इस अवसर पर श्रीराम यादव, चक्रधर शुक्ला, गुडलक बाबा, प्रदीप यादव, दीपू शुक्ला, मोहन गुप्ता, हैप्पी सिंह, अंकित कुशवाहा, आकाश सिंह, संपूर्णानंद गुप्ता, मोनू शुक्ला, राजेश साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।आयोजकों के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा, शिव प्राण प्रतिष्ठा एवं श्री विष्णु महायज्ञ के अवसर पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के सदस्य एवं क्षेत्रवासी सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
