
पारदर्शी विकास न्यूज़ अम्बेडकरनगर। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बुधवार को अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के मंशापुर (भारतीपुर) में आयोजित सेक्टर कैडर कैंप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने देश की राजनीति में बदलाव लाकर पिछड़े और वंचित समाज को राजनीतिक भागीदारी दिलाई। उन्होंने नौ अक्टूबर को लखनऊ में कांशीराम की श्रद्धांजलि सभा में प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ताओं के पहुंचने की अपील की। विश्वनाथ पाल ने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष चुनाव के लिए बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग की। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, ईवीएम से चुनाव होने के बाद से धांधली को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर भाजपा और कांग्रेस को बसपा की राजनीतिक ताकत का पता चलेगा।बैठक में संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। बसपा कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। अयोध्या मंडल प्रभारी दिलीप कुमार और विधानसभा प्रभारी मनोज वर्मा ने भी कांशीराम के विचारों और सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी पर विचार रखे। बैठक का संचालन अरविंद गौतम ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।