
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर-18 डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर के मथौली में शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर नागरिक उड्डयन विभाग की जमीन को कब्जामुक्त कराया। तहसीलदार धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग और नगरपालिका परिषद की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। राजस्व अभिलेखों के अनुसार, मथौली स्थित गाटा संख्या 354 की करीब 0.073 हेक्टेयर भूमि नागरिक उड्डयन विभाग के नाम दर्ज है। आरोप है कि इस सरकारी जमीन पर आसपास के लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। इसकी शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत के आधार पर शुक्रवार को संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। भूमि का निरीक्षण करने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई और सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। अभियान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए पुलिसकर्मी मौजूद रहे।कार्रवाई में हल्का लेखपाल आलोक श्रीवास्तव, अजय दुबे, नगरपालिका कर्मचारी कामोद पांडेय और हरेंद्र यादव समेत राजस्व विभाग, नगरपालिका परिषद के कर्मचारी तथा पुलिसकर्मी शामिल रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों में सख्ती का संदेश दिया गया।