
कुशीनगर। पारदर्शी विकास ब्यूरो
हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन टीम की ओर से शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, रामकोला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने की। इस दौरान छात्राओं और शिक्षकों को महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए छात्राओं को बाल विवाह नहीं करने और इसके खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है।जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना कुशवाहा ने छात्राओं को बताया कि यदि उनके आसपास किसी कम उम्र की लड़की अथवा लड़के का विवाह कराया जा रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा 112 पर दी जाए, जिससे समय रहते बाल विवाह को रोका जा सके।कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील भी की गई।अमन मिश्रा ने चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, वन स्टॉप सेंटर-181, महिला हेल्पलाइन-1090, 112, 108 एवं 102 के बारे में जानकारी देते हुए इनके उपयोग और आवश्यकता के बारे में बताया।कार्यक्रम के समापन पर नलिन सिंह ने छात्राओं एवं शिक्षकों को बाल विवाह नहीं करने तथा बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। छात्राओं से अपील की गई कि बाल विवाह से संबंधित कोई भी मामला सामने आने पर तत्काल 1098 अथवा 112 पर सूचना देकर ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ को सफल बनाने में सहयोग करें।कुशीनगर ने ठाना है, बाल विवाह मुक्त बनाना है।