
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। विकास भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। इसमें किसानों ने गोवंश संरक्षण, खाद की उपलब्धता, टिकरिया माइनर की सिल्ट सफाई, मृत पशुओं के उठान और जलभराव से क्षतिग्रस्त फसलों के मुआवजे की मांग उठाई।जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो।किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।