
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। किसान पथ पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डालौना रेलवे पुल के ऊपर ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और अर्टिगा कार की जोरदार टक्कर में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4:15 बजे हुआ। अर्टिगा कार (UP85GT3554) में कुल 8 लोग सवार थे, जो मथुरा से अयोध्या की यात्रा पर जा रहे थे। इसी दौरान किसान पथ पर डालौना रेलवे पुल के ऊपर सामने से आ रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पुल पर ही रुक गई और चालक अंदर फंस गया।सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संदीप के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में ओडिशा के जगन्नाथपुरी निवासी कई श्रद्धालु शामिल हैं। घटना के बाद कुछ समय के लिए किसान पथ पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से सामान्य कराया।