किसान नेता रामचन्द्र सिंह बने एचपीएफ के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा देवरिया बाबू निवासी किसान नेता रामचन्द्र सिंह को ह्यूमन प्रोटेक्शन फाउंडेशन (HPF) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। किसानों के हित और सामाजिक मुद्दों को लेकर लंबे समय से सक्रिय रामचन्द्र सिंह की नियुक्ति उनके सामाजिक सरोकारों और लगातार किए जा रहे संघर्ष को देखते हुए की गई।रामचन्द्र सिंह करीब नौ वर्षों से किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने, बंद चीनी मिलों को चालू कराने, किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने और गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने सहित कई मांगों को लेकर आवाज उठाई है। इसके अलावा सड़क निर्माण तथा सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मुद्दे भी उठाए हैं।10 सितंबर 2026 को महाराष्ट्र के मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में ह्यूमन प्रोटेक्शन फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय देवसेना ने रामचन्द्र सिंह को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर सम्मानित किया।रामचन्द्र सिंह ने कहा कि संगठन धर्म और संविधान के दुरुपयोग को रोकने, भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करने, धर्म व संविधान की रक्षा करने तथा नागरिकों के अधिकारों की रक्षा कर उन्हें न्याय दिलाने के लिए कार्य करेगा।कार्यक्रम में संरक्षक सतपाल सिंह परिहार, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रदीप पटेल, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष मानक मुंडे, तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष हरपाल सिंह और राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राजेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।