news-details

किसानों का भुगतान 48 घंटे में करें

You can share this post!

 

पारदर्शी विकाश न्यूज़ महोबा। चित्रकूटधाम मंडल बांदा के आयुक्त अजीत कुमार ने शनिवार को जनपद की कुलपहाड़ तहसील के जैतपुर संघ स्थित पीसीएफ गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी सहित राजस्व, खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों से नियमानुसार गेहूं खरीद सुनिश्चित की जाए तथा खरीदे गए गेहूं की भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में शीघ्र डिलीवरी कराई जाए। उन्होंने किसानों के भुगतान को 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने किसानों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं केंद्र पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को तौल प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक 6570 किसानों से 30,932.72 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जो पिछले वर्ष की कुल खरीद 18,869.80 मीट्रिक टन की तुलना में 160 प्रतिशत से अधिक है। किसानों की सुविधा के लिए रविवार के अवकाश में भी क्रय केंद्र संचालित कर तौल कार्य कराया जा रहा है।