
कांग्रेस नेता वी डी सतीशन केरल के नए मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 10 दिन बाद उनके नाम का ऐलान किया। सतीशन पारावूर सीट से विधायक हैं। कांग्रेस नेता दीपा दासमुंशी ने बताया कि तिरुवनंतपुरम में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद उनके नाम पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में वी डी सतीशन, केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्नीथला के नाम शामिल थे, लेकिन आखिरकार आलाकमान ने सतीशन को चुना। चुनाव नतीजों के बाद पार्टी के भीतर अलग-अलग गुट सक्रिय हो गए थे। एक धड़ा सतीशन के समर्थन में था, जबकि दूसरा केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्नीथला के पक्ष में नजर आ रहा था। दावा किया जा रहा था कि बड़ी संख्या में विधायक वेणुगोपाल के समर्थन में थे, लेकिन बाद में कई वरिष्ठ नेताओं और सहयोगी दलों ने सतीशन का समर्थन किया। केरल के कई शहरों और वायनाड में वेणुगोपाल के खिलाफ पोस्टर भी लगाए गए थे। वहीं सतीशन के नाम का ऐलान होने के बाद तिरुवनंतपुरम में उनके समर्थकों ने कांग्रेस कार्यालय में जश्न मनाया। केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी ने जो फैसला लिया है, वह उसके साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। केरल विधानसभा चुनाव में UDF ने 140 में से 102 सीटों पर जीत हासिल की है, जिनमें कांग्रेस की 63 सीटें शामिल हैं।