
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के घूरपुर थाना क्षेत्र स्थित डेरा चकिया गांव में कोर्ट मैरिज को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सोमवार तड़के 55 वर्षीय किसान तिलकधारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, 20 मई को गांव निवासी गंगा प्रसाद की बेटी सुहानी ने तिलकधारी के भतीजे शिवम के साथ कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। मामले को सुलझाने के लिए रविवार रात पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।परिजनों का आरोप है कि पंचायत के दौरान कहासुनी के बाद गंगा प्रसाद ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। आरोप है कि सोमवार तड़के करीब दो बजे वह दोबारा घर पहुंचा और सो रहे तिलकधारी पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल तिलकधारी को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के परिवार में पत्नी, पांच बेटियां और दो बेटे हैं। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।